लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पीएचईडी ने डॉक्युमेंट्स में दिखा रखी सप्लाई
भरतपुर। जिले के रामनगर गांव में समय पर पानी मिलने को लेकर गुरुवार को महिलाओं ने मटका फोड़ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जलदाय विभाग ने डॉक्युमेंट्स में पिछले पांच साल से पानी सप्लाई दिखा रखी है, कुछ लोगों के अवैध कनेक्शन के चलते पानी मिलता ही नहीं है।
ग्रामीण दिनेश फौजदार ने बताया कि गांव में जल जीवन मिशन की पानी की टंकी है। जल जीवन मिशन के तहत ही गांव में पानी की पाइप लाइन बिछाई गई हैं, लेकिन उसमें 10-10 दिन तक पानी नहीं आता। ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी परेशान होना पड़ता है। महिलाएं दूर दराज इलाकों से पेयजल सिर पर मटके रख कर लाती हैं। ग्रामीणों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलदाय विभाग ने कागजों में दिखाया हुआ है कि रामनगर गांव में चंबल के पानी की सप्लाई की जा रही है। मगर उन्हें आजतक चंबल का पानी नहीं मिला है। रामनगर से पहले आने वाले गांव मलाह के ग्रामीणों ने चंबल की पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन किए हुए हैं। पीने के पानी से मलाह गांव के लोग फसलों की सिंचाई करते हैं। जबकि उन्हें पेयजल के लिए तरसना पड़ता है।
जलदाय विभाग को जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी में चंबल का पानी सप्लाई करना था। टंकी से ही घर-घर तक चंबल का पानी सप्लाई होना था लेकिन, जलदाय विभाग ने कभी जल जीवन मिशन की टंकी में चंबल के पानी की सप्लाई नहीं दी है।