लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमन्द।
संवाददाता: गौतम शर्मा
ओवरलोड डंपर ने कार को पीछे से मारी जोरदार टक्कर, हाईवे पर पलटा — बाल-बाल बचे विद्यार्थी
राजसमंद जिले के केलवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। मार्बल पत्थर से भरे एक ओवरलोड डंपर ने पीछे चल रही कार को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर अनियंत्रित होकर हाईवे पर ही पलट गया, और उसमें भरे भारी पत्थर सड़क पर बिखर गए।
विद्यार्थी परीक्षा देने जा रहे थे
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि उसमें सवार भीम क्षेत्र के सभी विद्यार्थी सुरक्षित रहे। विद्यार्थी परीक्षा देने के लिए निकले थे और केलवा थाना क्षेत्र से करीब 100 मीटर पहले यह हादसा हुआ। डंपर ने अचानक पीछे से कार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह दब गया।
हाईवे पर अफरा-तफरी
डंपर पलटते ही हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर बिखरे मार्बल के बड़े पत्थरों के कारण एक लेन पूरी तरह बंद हो गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना पर केलवा पुलिस तुरंत पहुंची और सड़क से पत्थरों को हटाकर यातायात सुचारू कराने में जुटी।
स्थानीय लोगों का आरोप—ओवरलोडिंग बनी हादसों की वजह
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।