Home crime “ऑपरेशन त्रिनेत्र” में बड़ी कार्रवाई: 1.12 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज

“ऑपरेशन त्रिनेत्र” में बड़ी कार्रवाई: 1.12 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों की करीब 1 करोड़ 12 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज कर दी है।

यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) के तहत की गई है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में हथुनिया थाना पुलिस ने जांच के दौरान तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित किया। इसमें दोनों आरोपियों के लगभग 50-50 लाख रुपये मूल्य के मकान और करीब 12 लाख रुपये की महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन शामिल है।

पहले हुई थी गिरफ्तारी

30 दिसंबर 2025 को धोलापानी थाना पुलिस ने हथुनिया निवासी शाहरूख खान और दिलावर खान को 1 किलो 203 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।

जांच में हुआ खुलासा

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से एमडी, ब्राउन शुगर, स्मैक और अफीम की तस्करी में लिप्त थे और अवैध कमाई से संपत्तियां अर्जित कर रहे थे।

नई दिल्ली से मिली स्वीकृति

उदयवीर सिंह द्वारा संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकरण (SAFEMA/NDPS), नई दिल्ली को भेजा गया था, जिसे 21 मार्च 2026 को स्वीकृति मिल गई। इसके बाद 23 मार्च को विधिवत कार्रवाई करते हुए संपत्तियों को फ्रीज कर नोटिस बोर्ड भी लगाए गए।

अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों के साथ-साथ उन्हें सहयोग देने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version