लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
विद्युत से जुड़ी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना रहे अधिकारियों की पहली प्राथमिकता- ऊर्जा मंत्री
ऊर्जा मंत्री की अध्यक्षता में जिलास्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित
राज्य मंत्री ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, उपभोक्ताओं की समस्याएं, राजस्व वसूली एवं ट्रांसफॉर्मर आपूर्ति की समीक्षा की
भीलवाड़ा, (विनोद सेन) ऊर्जा विभाग (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुँचे। इस दौरान उन्होंने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की विद्युत आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं, उपभोक्ताओं की समस्याओं, राजस्व वसूली एवं ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्त्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में जहाँ विद्युत फाल्ट या ट्रिपिंग की शिकायतें अधिक आती हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्युत मांग बढ़ जाती है, ऐसे में अधिकारियों को पूर्व से तैयारी रखनी चाहिए ताकि किसी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत समाधान किया जा सके।
राज्यमंत्री ने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक स्तर पर त्वरित रेस्पॉन्स तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए ताकि उपभोक्ताओं को समय पर राहत मिल सके। ट्रांसफॉर्मर जलने, ओवरलोड की स्थिति, तथा बार-बार बिजली जाने की समस्याओं को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी दिए गए।




















































