लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। जयपुर के जेईसीसी (जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर) में आयोजित ‘नेशनल प्रिंटिंग एक्सपो 2026’ का शुभारंभ हुआ, जिसमें उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भाग लेकर प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग की आधुनिक तकनीकों और नवाचारों का अवलोकन किया।
यह एक्सपो प्रिंटर्स क्लब ऑफ इंडिया एवं राजस्थान ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है, जिसमें देशभर से उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, उद्यमी और स्टार्टअप्स शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रिंटिंग उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि प्रिंटिंग उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और नई तकनीकों को अपनाकर इसे और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
दिया कुमारी ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का भ्रमण कर अत्याधुनिक मशीनरी और तकनीकी नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं और स्टार्टअप्स को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश में तकनीकी उन्नयन को गति मिलेगी, साथ ही निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, प्रिंटिंग क्लब के एमडी आदित्य सिंह, डायरेक्टर ललित कुमावत एवं नितिन मानदेव, प्रोफेशनल डायरेक्टर आर.डी. भटनागर, राजस्थान ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय गुप्ता, महासचिव विकास अग्रवाल सहित देशभर से आए उद्यमी और प्रिंटिंग क्षेत्र के विशेषज्ञ मौजूद रहे।