Home latest कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने देर रात अधिकारियों के साथ की बैठक

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने देर रात अधिकारियों के साथ की बैठक

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मूलभूत सुविधाओं पर दिए निर्देश

सुमेरपुर। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने शुक्रवार देर रात सुमेरपुर प्रवास के दौरान अपने निजी आवास पर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने शहर की मूलभूत समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

मंत्री कुमावत ने शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी मजबूत करने तथा चोरी की वारदातों की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाइक चोरी, एमडी नशे की बिक्री और स्पा सेंटरों पर अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए भी कहा।

सफाई व्यवस्था व स्ट्रीट लाइटों पर जोर
बैठक में नगरपालिका क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करवाने और जहां लाइटें नहीं हैं वहां नई लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रमुख स्थानों पर खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने को कहा गया।

चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत बनाने के निर्देश
उप जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए एसडीएच प्रभारी महिपाल सिंह परमार ने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस सुविधा शुरू की जाएगी। इस पर मंत्री कुमावत ने आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और नए भवन निर्माण पर भी चर्चा की।

बजट घोषणाओं के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
मंत्री कुमावत ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए बजट घोषणा में स्वीकृत सड़कों का निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गारंटी अवधि में सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने और मानसून से पहले आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण करने को कहा।

पेयजल व बिजली व्यवस्था पर विशेष फोकस
गर्मी के मौसम को देखते हुए गांवों में पेयजल संकट न हो, इसके लिए खराब हैंडपंपों की मरम्मत, जल जीवन मिशन के तहत टंकियों का निर्माण और अधूरे कनेक्शन जल्द पूरे करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बिजली आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए शिकायतों के समाधान हेतु मोबाइल नंबर जारी करने और लो-वोल्टेज क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि अनोप सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, एसडीएम कालूराम कुम्हार, बीडीओ प्रमोद दवे, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह, जोधपुर डिस्कॉम के एक्सईएन राकेश शर्मा, पीएचईडी के एईएन खेमराज बैरवा, पीएमओ महिपाल सिंह परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version