लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
180 यूनिट रक्त संग्रहित
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) नवाब कायम खां के 607वें शहादत दिवस के अवसर पर दरगाह अहमद अली शाह में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार को समर्पित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लेते हुए रक्तदान किया। शिविर में कुल 180 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में अस्पतालों में रक्त की कमी को देखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों, थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों एवं गंभीर रोगियों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
विक्रम खान ने बताया कि नवाब कायम खां ने अपने जीवन में साहस, त्याग और मानवता की जो मिसाल पेश की थी, उसी से प्रेरणा लेकर उनके शहादत दिवस पर यह जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई लोगों को नया जीवन देने में सहायक बनता है।
शिविर के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।
इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए गए। राजेश रावल एवं नागौर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा ने रक्तदाताओं का सम्मान किया।
कार्यक्रम में रमजान खान, मकसूद खान, आसिफ अली, सदाकत खान, इनायत खान, एजाज खान, शाहरुख खान सहित अनेक गणमान्य लोग एवं टीम सदस्य उपस्थित रहे।