लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मन मोह लिया
उनियारा | (दुर्योधन मयंक) उपखंड क्षेत्र के काकोड़ स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में उच्च माध्यमिक कक्षा की छात्राओं का विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समारोह की शुरुआत शाला प्रधान रतन कंवर ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर की। इसके बाद छात्राओं ने लोकप्रिय गीतों जैसे “अभी तो बन्नो नाचेगी”, “म्हारी बिनणी बनावे रील रील” और “बोले चूड़ियाँ” पर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्य ने बोर्ड परीक्षा में बैठने वाली छात्राओं को अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय, माता-पिता और जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दी। साथ ही उन्होंने परीक्षा के दौरान सावधानी, समय प्रबंधन और तनावमुक्त तरीके से अध्ययन करने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपने शिक्षकों से आशीर्वाद प्राप्त किया और विदाई समारोह को यादगार बनाया।