लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के रूपा खेड़ा गांव में स्कूल जाने वाले मार्ग पर राजसमंद झील की नहर पर बना पुल क्षतिग्रस्त होने से स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुल की दोनों ओर बनी सुरक्षा दीवारें टूट चुकी हैं, जिससे रोजाना स्कूल आने-जाने वाले बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से पुल की क्षतिग्रस्त दीवारों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है। गांव के मांगीलाल, भीमराज, देवीलाल, छित्तर जाट और रामलाल जाट सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि रूपा खेड़ा गांव के बाहर नहर पर बना यह पुल विद्यालय जाने का मुख्य मार्ग है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल की दोनों तरफ की दीवारें टूटने से छोटे-छोटे बच्चे कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं। यदि समय रहते सिंचाई विभाग द्वारा मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द पुल की दीवारों का निर्माण करवाने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
वहीं विद्यालय प्रशासन के अध्यापकों ने भी बताया कि पुल की क्षतिग्रस्त दीवारों की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।