लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र में आयोजित वार्षिक मेले के शुभ अवसर पर परम पूज्य आचार्य विनिश्चय सागर जी महाराज के परम प्रभावक सुशिष्य श्रमण मुनि प्रज्ञान सागर जी महाराज का ससंघ भव्य मंगल प्रवेश उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
मंगल प्रवेश के उपलक्ष्य में सांयकालीन मंगल आरती, आनंद यात्रा एवं संगीतमय भक्तामर दीपार्चना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। संपूर्ण तीर्थ क्षेत्र भक्ति और उल्लास के वातावरण से गुंजायमान रहा।
14 फरवरी को प्रातः जिनाभिषेक एवं शांतिधारा, ध्वजारोहण तथा श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान महामण्डल विधान का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही श्री सुधासागर सिंह द्वार एवं आहार कक्ष का लोकार्पण, भव्य रथयात्रा, पुण्यार्जक परिवारों एवं अतिथियों का सम्मान तथा श्रीजी एवं कीर्ति स्तम्भ का अभिषेक भी सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालु भक्तगणों द्वारा मुनिसुव्रतनाथ भगवान का निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा। समिति ने समस्त धर्मानुरागी बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्यार्जन करने की अपील की है।