लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था हमारी प्राथमिकता : भजनलाल शर्मा
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि कानून का राज स्थापित करना और अपराधियों पर कड़ा प्रहार करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सुरक्षित वातावरण में ही विकास संभव है।
मुख्यमंत्री शर्मा नारायण विहार सहित पत्रकार कॉलोनी और खोरा बीसल पुलिस थानों के वर्चुअल शुभारम्भ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह केवल पुलिस भवन का उद्घाटन नहीं है, बल्कि प्रदेश को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
अपराध नियंत्रण के लिए बड़े कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने अपराध नियंत्रण और पुलिस तंत्र को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं, जिनमें शामिल हैं—
-
22 नए पुलिस थानों का सृजन
-
8 पुलिस चौकियों का थानों में क्रमोन्नयन
-
35 नई पुलिस चौकियों की स्वीकृति
-
2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 2 पुलिस उपाधीक्षक कार्यालयों की स्थापना
उन्होंने कहा कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और पेपर लीक प्रकरणों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। साथ ही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के लिए जयपुर मुख्यालय में नया थाना और 9 नई चौकियां स्थापित की जा रही हैं।
महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय हैं, जो स्कूल, कॉलेज, बाजार, धार्मिक स्थल और बस स्टैंड जैसे क्षेत्रों में अपराधों पर नजर रखते हैं।
-
3 महिला बटालियन (पद्मिनी, काली बाई और अमृता देवी) का गठन कर 2,216 पद स्वीकृत किए गए हैं।
-
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 500 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट बनाई गई हैं।
-
महिला हेल्पलाइन 1090 और राजकॉप एप से त्वरित शिकायत निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

पुलिस व्यवस्था का आधुनिकीकरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग ने सभी थानों के अपराधियों का रिकॉर्ड कम्प्यूटरीकृत कर दिया है। गुमशुदा व्यक्तियों और गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी अब राजस्थान पुलिस वेब पोर्टल पर उपलब्ध है।
-
पुलिस रिस्पॉन्स टाइम घटाने के लिए 25 इंटरसेप्टर वाहन, 750 मोटरसाइकिलें और 500 मोबाइल यूनिट वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
-
क्षेत्रीय एफएसएल लैब्स को मजबूत किया गया है और 123 नए पद स्वीकृत किए गए हैं।
-
गृह रक्षा स्वयंसेवकों के मानदेय में लगातार 2 वर्षों में 10-10% की वृद्धि की गई है।
-
पुलिस बल में 2,000 नए कॉन्स्टेबल पद सृजित कर भर्ती प्रक्रिया तेज की गई है।
अपराधों में आई गिरावट
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार की कोशिशों से प्रदेश में अपराध के मामलों में गिरावट आई है।
-
2023 से 2025 के बीच अपराधों में 19.45% की कमी
-
2024 से 2025 में अपराधों में 13.90% की कमी
-
अनुसूचित जाति अत्याचार के मामलों में 17.80% कमी
-
अनुसूचित जनजाति अत्याचार के मामलों में 18.77% कमी
-
महिला अत्याचार के मामलों में 9.24% कमी दर्ज की गई है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इससे पहले मुख्यमंत्री ने नारायण विहार थाना का फीता काटकर उद्घाटन किया और पत्रकार कॉलोनी व खोरा बीसल थानों का वर्चुअल शुभारम्भ किया। उन्होंने सुरक्षा सखियों से संवाद भी किया।
कार्यक्रम में स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखियां और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।