लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 13 अक्टूबर के जयपुर दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाए और विभागों के बीच परस्पर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
नवीन कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जेईसीसी, सीतापुरा में छह दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को अधिकतम आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के तहत प्राप्त निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग करेंगे। इसके साथ ही:
-
विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म वितरण
-
दुग्ध उत्पादकों को सब्सिडी राशि हस्तांतरण
-
150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत पंजीकरण की शुरुआत
-
एफ.एस.एल., महिला सुरक्षा हेतु पेट्रोलिंग स्कूटियों और मोटरसाइकिलों का फ्लैगऑफ
मुख्यमंत्री ने इन गतिविधियों की समय पर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर-एसपी कॉन्फ्रेन्स
राज्य सरकार 13 अक्टूबर से जयपुर में जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कॉन्फ्रेन्स का आयोजन कर रही है। इसमें कानून व्यवस्था, भू-प्रबंधन, सुशासन और सामाजिक-आर्थिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृहमंत्री भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के विकास के लिए नई दिशा देने वाला कार्यक्रम बताया।
बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।