लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी वर्ष 2026-27 के बजट को विकासोन्मुखी और जनकेंद्रित बनाने के लिए विधायकों और प्रत्याशियों के साथ मैराथन बैठकें कीं। बैठक में अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, नागौर, टोंक, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, अलवर, खैरथल-तिजारा, बहरोड़ और दौसा जिलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठकों में महिला, युवा, किसान, गरीब सहित सभी वर्गों के कल्याण और विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। विधायकों और प्रत्याशियों ने जन आकांक्षाओं के अनुरूप बजट सुझाव प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं को तेजी से पूरा कर रही है और आगामी बजट भी 8 करोड़ जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब होगा। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय में भ्रष्टाचार और कमीशन चलता था, जबकि वर्तमान सरकार का मिशन विकास और पारदर्शिता है।
यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है और लाभार्थियों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचा रही है।
