लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शहीद दिवस पर पुष्पांजलि और प्रिय भजनों के साथ राष्ट्रपिता को नमन
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर शुक्रवार प्रातः शासन सचिवालय पहुंचकर गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने उपस्थित जनसमूह के साथ गांधीजी के प्रिय भजन जैसे:
-
“वैष्णव जन तो तेने कहिये”
-
“रघुपति राघव राजा राम”
-
“राम रतन धन पायो”
-
“राम जय राम”
का श्रवण किया।
इस अवसर पर पशुपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने भी बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री निवास पर भी दी श्रद्धांजलि
इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।