लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
राज्य की विभिन्न कृषि मंडियों में 13 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य होंगे
किसानों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, परिवहन खर्च में होगी कमी
जयपुर ।
राज्य सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र के सतत विकास के लिए ठोस कदम उठा रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की विभिन्न कृषि उपज मंडियों में विकास कार्यों के लिए 13 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री की इस स्वीकृति से मंडियों में सुविधाओं का विस्तार, किसानों को सुलभ सेवाएं एवं बेहतर विपणन व्यवस्था उपलब्ध होगी।
अनूपगढ़, बीकानेर और मालपुरा की मंडियों में होंगे प्रमुख विकास कार्य
मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत राशि से कृषि उपज मंडी समिति, अनूपगढ़ (श्रीगंगानगर), पूगल रोड-अनाज मंडी (बीकानेर) तथा मालपुरा (टोंक) सहित अन्य स्थानों पर विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इन कार्यों में मंडी यार्ड का निर्माण, विद्युत संबंधी कार्य तथा संपर्क सड़कों का निर्माण शामिल है। इससे मंडी क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को अपनी उपज के विपणन में सुविधा होगी।
सुमेरपुर, सिरोही और बस्सी मंडियों में भी होंगे सुधार
इसी क्रम में, कृषि उपज मंडी समिति सुमेरपुर की गौण मंडी (फल-सब्जी), सिरोही और बस्सी (जयपुर) की गौण मंडी यार्ड तूंगा में भी विकास एवं भूखंड आवंटन से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है।
सिरोही में प्रथम चरण के तहत भूखंड आवंटन हेतु आरक्षित दर का निर्धारण किया जाएगा, जबकि बस्सी की गौण मंडी तूंगा में रिक्त भूखंडों के आवंटन को अनुमोदित किया गया है।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
इन विकास कार्यों से मंडियों में व्यापार प्रारंभ होने पर किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य उत्पादन क्षेत्र के निकट ही प्राप्त होगा, जिससे परिवहन खर्च में कमी आएगी और आय में वृद्धि होगी।
राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने और अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
