लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में राजस्थान सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कर अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक राहत पहुंचाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री द्वारा नियमित रूप से की जा रही जनसुनवाई इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इन जनसुनवाइयों के माध्यम से मुख्यमंत्री सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

जनसुनवाई में महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों की समस्याओं का प्राथमिक निस्तारण
सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित नियमित जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने सबसे पहले महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनकी परिवेदनाओं का शीघ्र और संतोषजनक निस्तारण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “जनसुनवाई में आने वाले परिवादी अपनी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से बड़ी उम्मीद रखते हैं। अतः अधिकारियों को चाहिए कि वे इन समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करें।”
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अधिकारी स्थानीय स्तर पर नियमित जनसुनवाई करें और आमजन से जुड़ी प्रत्येक समस्या को प्राथमिकता दें।
सिलिकोसिस पीड़ित रामअवतार को मिलेगा योजना का लाभ
जनसुनवाई के दौरान सिकराय निवासी नरेन्द्र ने बताया कि उनके बड़े भाई रामअवतार सिलिकोसिस बीमारी से पीड़ित हैं, परंतु सिलिकोसिस कार्ड नहीं बनने के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को रामअवतार का सिलिकोसिस प्रमाणपत्र बनवाने और उन्हें संबंधित योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। समस्या के समाधान पर नरेन्द्र ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
विभिन्न विभागों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण
मुख्यमंत्री शर्मा ने जनसुनवाई के दौरान कृषि, गृह, राजस्व, सिंचाई, परिवहन, पशुपालन, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, मनरेगा और ऊर्जा विभागों से जुड़ी शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।