Home latest मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पंचामृत अभिषेक सम्पन्न

मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पंचामृत अभिषेक सम्पन्न

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मोती डूंगरी गणेश जी  को 1008 मोदक का भोग अर्पित
भक्ति और श्रद्धा के साथ गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे
जयपुर ।जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी स्थित भगवान श्री गणेशजी महाराज के मंदिर में सोमवार प्रातः पवित्र पंचामृत अभिषेक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। सुबह 8 बजे शुरू हुए इस विशेष धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान गणेशजी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
अभिषेक के दौरान भगवान श्री गणेशजी को 151 किलो दूध, 21 किलो दही, 5½ किलो घी, 21 किलो शहद, शक्कर, गुलाब जल, केवड़ा जल, चंदन, केसर एवं इत्र से स्नान कराया गया। परंपरा अनुसार सर्वप्रथम 11 किलो शुद्ध घी से अभिषेक कर पंचामृत स्नान संपन्न हुआ।
इसके पश्चात भगवान गणेशजी का चंदन और केसर से भव्य श्रृंगार किया गया और 11 प्रकार के मेवों का विशेष भोग अर्पित किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं की विशेष आस्था के प्रतीक स्वरूप 1008 मोदक भगवान को समर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशाल भजन संध्या में भक्ति गीतों और गणेश भजनों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। अभिषेक के उपरांत मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को रक्षा सूत्र निःशुल्क वितरित किए गए।
मंदिर के महन्त कैलाश शर्मा ने बताया कि पंचामृत अभिषेक का यह आयोजन प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जो भक्तों की आस्था और विश्वास को और अधिक मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में शामिल होकर श्रद्धालुओं ने भगवान गणेशजी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version