लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
निवेशक दीदी योजना बनेगी सशक्तिकरण का आधार : सांसद मदन राठौड़
जयपुर,। (रूपनारायण सांवरिया) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में निवेशक दीदी पहल फेज-2 के अंतर्गत अगले दो वर्षों में ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में लगभग 4 हजार वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से 3 लाख से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य है, जिसमें विशेष प्राथमिकता ग्रामीण महिलाओं को दी जाएगी।
यह जानकारी कारपोरेट कार्य राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने राज्यसभा में सांसद मदन राठौड़ के सवाल के जवाब में दी।
आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम
सांसद मदन राठौड़ ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों तक वित्तीय प्रबंधन और निवेश संबंधी बुनियादी जानकारी पहुँचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। शिविरों के बाद प्रतिभागियों का मूल्यांकन भी किया जाएगा। इसमें कार्यक्रम से पहले और बाद की वित्तीय जागरूकता स्तर की तुलना होगी, जिससे योजना की सफलता का आकलन और भविष्य की रणनीति तय की जा सकेगी।
महिलाओं को मिलेगा निर्णय लेने का अधिकार
राठौड़ ने कहा कि निवेशक दीदी जैसी पहल महिलाओं को न केवल आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाएगी बल्कि उन्हें परिवार और समाज में निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना ग्रामीण भारत के आर्थिक और सामाजिक उत्थान की दिशा में मोदी सरकार के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगी।
