लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी स्वीकृति
जयपुर ।
महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत अब फार्म पॉण्ड श्रेणी में टांका निर्माण कार्य किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनुरोध को केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वीकार कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र की डबल इंजन सरकार किसानों और ग्रामीणों के हित में लगातार दूरगामी निर्णय ले रही है, जिससे कृषि क्षेत्र मजबूत और किसानों का आर्थिक सशक्तीकरण हो रहा है।
रेगिस्तानी जिलों को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री ने गत माह केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर निजी कृषि भूमि पर टांका निर्माण कार्य को पूर्व की भांति जारी रखने का अनुरोध किया था।
उन्होंने कहा कि रेगिस्तानी जिलों में टांका निर्माण जल सुरक्षा, कृषि विकास और जलवायु अनुकूल आजीविका के लिए सस्ता और टिकाऊ समाधान है।
केंद्र ने दी अनुमति
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र के माध्यम से बताया कि महात्मा गांधी नरेगा योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यक्तिगत लाभार्थियों के लिए फार्म पॉण्ड निर्माण अनुमत कार्य है।
इसी श्रेणी के अंतर्गत अब टांका निर्माण कार्य भी किया जा सकेगा।
