लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर)। रिपोर्ट—संजीव बंसल
नगर पालिका कठूमर के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश दीक्षित ने जीत दर्ज की। रिटर्निंग अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल ने जयप्रकाश दीक्षित को 4 मतों से विजयी घोषित किया। चुनाव परिणाम सामने आते ही कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को दोपहर 2:30 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। चुनाव मैदान में कांग्रेस की ओर से जयप्रकाश दीक्षित और भाजपा की ओर से पिंकी कुमारी प्रत्याशी थीं। मतदान के बाद हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश दीक्षित को 12 मत, जबकि भाजपा प्रत्याशी पिंकी कुमारी को 8 मत मिले। इस तरह जयप्रकाश दीक्षित ने 4 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
सुबह से ही जुटने लगे समर्थक
नगर पालिका परिसर के बाहर सुबह करीब 9 बजे से ही प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। चुनाव परिणाम को लेकर समर्थकों में उत्सुकता बनी रही। परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस समर्थकों ने खुशी जताई।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। नगर पालिका परिसर में प्रवेश से पहले मतदाताओं की गहन जांच की गई। पुलिस का जाप्ता पूरे समय मौके पर तैनात रहा।
नगर पालिका उपाध्यक्ष पद का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
