लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपखंड अधिकारी पूजा मीणा ने जनसेवा शिविर में दिया त्वरित कार्यवाही का आदेश
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड अधिकारी पूजा मीणा ने धार्मिक स्थलों और खेतों की ओर जाने वाले रास्तों पर हो रहे अतिक्रमणों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश उन्होंने अलीगढ़ पंचायत मुख्यालय स्थित अटल सेवा केंद्र पर आयोजित जनसेवा शिविर के दौरान दिए।
ग्रामीणों ने उठाई अतिक्रमण हटाने की मांग
शिविर में फुलेता ग्राम पंचायत के भोजपुरा गांव के ग्रामीणों ने ज्ञापन देकर बताया कि धर्मस्थलों और खेतों की ओर जाने वाले रास्तों पर अतिक्रमण किए जा रहे हैं, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में वे पहले भी कई बार प्रशासन को आवेदन दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस पर उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर अतिक्रमण हटाने और त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
9 शिकायतें दर्ज, कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में कुल 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें प्रमुख रूप से आबादी क्षेत्र में अतिक्रमण, पेयजल और विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याएँ शामिल थीं।
शिविर में विकास अधिकारी शंकरलाल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी गरिमा शर्मा, विद्युत निगम के सहायक अभियंता अजयसिंह, नायब तहसीलदार अलीगढ़, कार्यवाहक तहसीलदार उनियारा, बीसलपुर परियोजना अभियंता अंकित सैनी, जलदाय विभाग के बलराम मीणा, चिकित्सा विभाग के रामहंस गुर्जर, वन विभाग के पंकज शर्मा तथा महिला अधिकारिता विभाग के पवन कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
