लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पहाड़ी में डिजिटाइजेशन का लाइव टेस्ट, बीएलओ की मदद हेतु अतिरिक्त कार्मिक टीमें तैनात करने के निर्देश
डीग, 13 नवंबर। — भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने हेतु गुरुवार को संभागीय आयुक्त भरतपुर डॉ. टीना सोनी और जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने कुम्हेर, कामां व पहाड़ी के दूरदराज गांवों का औचक निरीक्षण कर जमीनी कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। दोनों अधिकारियों ने बूथ-लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और ग्रामीण मतदाताओं से सीधे संवाद कर मतदाता सूची में “शून्य त्रुटि” तथा तेज़ी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांवों की चौपालों पर जाकर आम लोगों से बातचीत की और बीएलओ के घर-घर पहुँचने के बारे में जानकारी ली। संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी ने अभियान की महत्ता बताकर कहा कि लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत है और सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना आवश्यक है।
अधिकारियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परमदरा, गया कुंड (कामां), अऊ, दीवानपुरा व छापर मोहल्ला में जाकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कामों का भौतिक सत्यापन भी किया।
डिजिटाइजेशन का ‘लाइव टेस्ट’ और तकनीकी सत्यापन
पहााड़ी उपखंड कार्यालय में डॉ. सोनी ने चुनाव सेल का निरीक्षण कर डिजिटाइज़ेशन प्रक्रिया का लाइव टेस्ट करवा कर देखा कि बीएलओ द्वारा एकत्रित प्रपत्र पोर्टल पर सही ढंग से अपलोड हो रहे हैं या नहीं। परीक्षण से यह स्पष्ट हुआ कि अधिकांश स्थानों पर अपडेट प्रक्रिया उचित गति से चल रही है, परंतु कहीं-कहीं तकनीकी अड़चनों के संकेत भी मिले। डॉ. सोनी ने कहा कि किसी भी तकनीकी बाधा को तुरंत दूर किया जाए।
बीएलओ के सहयोग हेतु निर्देश
संभागीय आयुक्त व कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलओ को तात्कालिक सहायता देने के लिए अतिरिक्त कार्मिक टीमों की तैनाती की जाए ताकि प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण व पोर्टल पर अपलोडिंग में गति आए। साथ ही निरीक्षण किए गए विद्यालयों के प्रिंसिपलों को निर्देशित किया गया कि वे बीएलओ को प्रशासनिक व तकनीकी सहारा दें।
जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने सभी ईआरओ/एईआरओ से कहा कि वे गणना प्रपत्रों की डिजिटाइजेशन बढ़ाने पर जोर दें और सुनिश्चित करें कि बीएलओ घर-घर जाकर प्रपत्र भरवाएं तथा उन्हें शीघ्रता से संबंधित पोर्टल पर अपलोड करवाएं।
