लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
केंद्र सरकार पर योजना कमजोर करने का आरोप
कोटपूतली।अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन “मनरेगा बचाओ महा संग्राम” के तहत मंगलवार को कोटपूतली में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं नोहर विधायक अमित चाचान ने संबोधित किया।
अमित चाचान ने केंद्र की भाजपा सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को लगातार कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह योजना गरीब, मजदूर, किसान और महिलाओं के लिए रोजगार की गारंटी है, लेकिन केंद्र सरकार बजट में कटौती कर, मजदूरी भुगतान में देरी कर और जटिल नियम लागू कर इस योजना को निष्प्रभावी बनाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत समय पर भुगतान नहीं होने और काम के अवसर कम होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी बढ़ रही है, जिससे मजदूरों को मजबूरन पलायन करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों के जरिए गरीबों से उनके संवैधानिक अधिकार छीनने का काम कर रही है। चाचान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को बचाने के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी और किसी भी कीमत पर इस योजना को खत्म नहीं होने देगी।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर ने कहा कि भाजपा की तथाकथित डबल इंजन सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को समाप्त करने की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत मजदूरों को 100 दिन का रोजगार और समय पर मजदूरी मिलना उनका कानूनी अधिकार है, लेकिन वर्तमान सरकार इसे भी छीनने पर आमादा है।
इन्द्राज गुर्जर ने ऐलान किया कि कल कोटपूतली में नगर परिषद पार्क स्थित आंबेडकर सर्किल के सामने उपवास रखकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही मनरेगा बचाओ महा संग्राम के तहत जिलेभर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम, धरना-प्रदर्शन और अन्य लोकतांत्रिक गतिविधियां आयोजित कर विरोध जारी रखा जाएगा।
प्रेस वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत, विधायक ललित यादव सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में मनरेगा को कमजोर करने की कोशिशों का विरोध करते हुए इसे गरीब विरोधी कदम बताया और आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
