लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हनुमान बेनीवाल करेंगे विशाल जनसभा को संबोधित
नागौर | रियांबड़ी: रियांबड़ी में आज किसान स्वाभिमान रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल शिरकत करेंगे। इस अवसर पर रियांबड़ी में आयोजित किसानों की ‘हल्ला बोल’ विशाल जनसभा को वे संबोधित करेंगे।
जानकारी के अनुसार किसानों की 6 सूत्री मांगों को लेकर पिछले 8 दिनों से धरना जारी है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन और सरकार उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रही है, जिसके चलते अब आंदोलन को और तेज किया जा रहा है।
धरने और जनसभा में जिन प्रमुख मुद्दों को उठाया जाएगा, उनमें—
-
बजरी माफियाओं की मनमर्जी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग,
-
रेलवे लाइनों में अधिग्रहित भूमि के गलत सर्वे और कम मुआवजे से प्रभावित किसानों को उनका हक दिलाने का मामला,
-
मेड़ता क्षेत्र में अतिवृष्टि से प्रभावित गांवों को आपदा की श्रेणी में शामिल कराने की मांग,
-
विद्युत हाई टेंशन लाइन के कार्य से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का मुद्दा,
-
धनापा–पुंदलू क्षेत्र में गौचर भूमि की किस्म बदलने से जुड़ा प्रकरण, जिसे भाजपा नेताओं के इशारे पर किए जाने का आरोप,
-
फसल बीमा कंपनियों की मनमानी के विरोध का मुद्दा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
किसान जनसभा को मेड़ता पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी, खींवसर पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल, जैतारण पूर्व विधायक दिलीप चौधरी, RLP मेड़ता विधानसभा प्रभारी सुरेंद्र बेड़ा, रियांबड़ी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष गिरधारी लाल भाटी सहित रालोपा के कई पदाधिकारी और किसान नेता संबोधित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार किसान स्वाभिमान रैली के माध्यम से सरकार को स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
