Home latest महिलाओं को मिले सुरक्षा व सम्मान, तो उनमें आएगी निडरता: आईपीएस अदिति

महिलाओं को मिले सुरक्षा व सम्मान, तो उनमें आएगी निडरता: आईपीएस अदिति

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर जिला मुख्यालय के टाउन हॉल नागौर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ जिले की उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद राजस्थानी लोक नृत्य, स्वरूप देहरा एंड पार्टी द्वारा नुक्कड़ नाटक तथा विजय देहरा एंड पार्टी द्वारा कठपुतली नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं के अधिकार और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अदिति उपाध्याय ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, खेल, सेना, व्यापार और तकनीक जैसे लगभग हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं बल्कि समाज में समानता और सम्मान का संदेश देने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिलता है, तब उनके भीतर निडरता और आत्मविश्वास विकसित होता है। एक छोटी बच्ची भी तब दुनिया में कुछ बड़ा हासिल करने का साहस कर सकती है। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अवसर मिलने के बाद असली मेहनत शुरू होती है और उसी से सफलता प्राप्त होती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंपालाल जीनगर ने कहा कि 8 मार्च को महिला दिवस मनाकर महिलाओं को सम्मान दिया जाता है, लेकिन वास्तव में महिलाओं का सम्मान हर दिन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के बिना समाज का अस्तित्व अधूरा है और महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर मिलेंगे तभी समाज और देश का समग्र विकास संभव है।

जिले की 33 महिलाओं को किया गया सम्मानित

समारोह में विभिन्न योजनाओं के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 33 महिलाओं को सम्मानित किया गया। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के अंतर्गत 3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और साथिनों को प्रशस्ति पत्र, 11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत संस्थागत प्रसव और बालिका टीकाकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 6 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 20 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपए प्रदान किए गए।

इसके अलावा माता यशोदा पुरस्कार के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की 16 मानदेय कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं विभागीय गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 7 मानदेय कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किए गए।

इस दौरान राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गिनाणी की अध्यापिका इंद्रा बिश्नोई को स्काउट-गाइड गतिविधियों, बालिका नामांकन बढ़ाने, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, स्वच्छता अभियान और सेनेटरी नैपकिन वितरण जैसे कार्यों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में आईपीएस अदिति उपाध्याय ने उपस्थित लोगों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद शरीफ छींपा ने किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version