लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विनोद सेन, भीलवाड़ा
भीलवाड़ा। भारत के महान सामाजिक सुधारक महात्मा ज्योतिबा फूले की 135वीं पुण्यतिथि 28 नवंबर, शुक्रवार को फूले सेवा संस्थान के तत्वावधान में मनाई जाएगी। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे फूले सेवा संस्थान द्वारा भीलवाड़ा स्थित देवरिया बालाजी के समीप उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ प्रारंभ होगा।
संस्था के अध्यक्ष गोपाललाल माली ने बताया कि पुष्पांजलि के बाद फूले परिसर में विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। माली ने महात्मा ज्योतिबा फूले के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने तत्कालीन सामाजिक बुराइयों का उन्मूलन किया और ऐसे जीवन मूल्य स्थापित किए जो आज भी समाज में जीवित हैं।
उन्होंने कहा—
“फूले के विचारों की प्रासंगिकता को देखते हुए हर वर्ष ऐसे कार्यक्रम आयोजित करना जरूरी है, ताकि नागरिकों में राष्ट्र भाव और सामाजिक चेतना बनी रहे।”
फूले सेवा संस्थान पिछले कई वर्षों से उनकी पुण्यतिथि पर संगोष्ठियों और विचार विमर्श कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों का प्रचार-प्रसार कर रहा है।
विचार गोष्ठी एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम में संस्था के समस्त पदाधिकारी, सदस्य, समाज के गणमान्य व्यक्ति और फूले के अनुयायी उपस्थित रहेंगे।
