लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। दूनी नगरपालिका मुख्यालय पर आवां रोड स्थित नवनिर्मित खाटूश्याम मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री श्याम परिवार एवं श्री श्याम चरण सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में यह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 3 फरवरी से 7 फरवरी 2026 तक ऐतिहासिक एवं भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ विशाल भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
समिति के युवा नेता रोकी खण्डेलवाल ने बताया कि आचार्य ब्रज मोहन शर्मा गुराई के सानिध्य में आयोजित इस पावन महोत्सव का शुभारंभ 3 फरवरी को विशाल कलश यात्रा से होगा। इसके पश्चात 3 फरवरी से 6 फरवरी तक नानी बाई का मायरा कथा का आयोजन किया जाएगा। 7 फरवरी को विधि-विधान से खाटूश्याम जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी, जिसके बाद विशाल भजन संध्या आयोजित की जाएगी।
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिनमें भजन सम्राट पं. अनिरुद्ध खण्डेलवाल (दूनी), गौतम शर्मा (दूनी), राजूलाल खण्डेलवाल (निवाई), अमित नामा (जयपुर), अक्षिता राजपूत (उज्जैन) सहित अनेक ख्यातनाम कलाकार शामिल होंगे।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित करें।
