लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (निर्मल गुप्ता)। उनियारा शहर के टोंक रोड स्थित मुस्लिम समाज के कब्रिस्तान में वर्षों से फैली अव्यवस्था को वार्ड नंबर 3 निवासी मास भाई पुत्र मेहमूद ने अपने श्रम से दूर कर एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। करीब 7–8 बीघा क्षेत्रफल में फैले इस कब्रिस्तान में बबूल के पेड़, कांटे और झाड़ियां उग आने से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही थी।
कब्रिस्तान का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण लंबे समय से इसकी सफाई नहीं हो पा रही थी, लेकिन मास भाई ने स्वयं पहल करते हुए करीब 5–6 दिनों तक अकेले मेहनत कर बबूल के पेड़, कांटे और अन्य झाड़ियां काटकर एकत्रित कीं। इसके बाद सभी कांटों को एक स्थान पर जलाकर राख बनाई और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर अन्यत्र डलवाया।
सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद कब्रिस्तान पूरी तरह साफ हो गया, जिससे समाज के लोगों को काफी राहत मिली है। इस सराहनीय कार्य के लिए मुस्लिम समाज सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने मास भाई की खुले दिल से प्रशंसा की और इसे सामाजिक सेवा की मिसाल बताया।