Home latest कायड़ विश्रामस्थली में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा स्थल का भूमि पूजन

कायड़ विश्रामस्थली में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा स्थल का भूमि पूजन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर

अजमेर। नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित विशाल जनसभा के मद्देनज़र अजमेर की कायड़ विश्रामस्थली में विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना तथा धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर तैयारियों का जायजा लिया।

भूमि पूजन के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 131वें प्रसारण को सामूहिक रूप से सुना।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 23 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही लगभग 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित हों।

केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि यह जनसभा विकास और विश्वास का उत्सव होगी। उन्होंने किसानों, युवाओं और आमजन से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया।

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर लोकबंधु ने सभा स्थल पर तीन वृहद डोम, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख सरिता गैना, देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version