लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा: कांग्रेस ने संगठन पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत राजस्थान में 45 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। भीलवाड़ा में ग्रामीण और शहरी दोनों जिलों के लिए नए चेहरे चुने गए हैं। ग्रामीण जिला अध्यक्ष पूर्व मंत्री रामलाल जाट बने हैं, जबकि शहर जिले की कमान शिवराम (जेपी) खटीक को सौंपी गई है। शेष 5 जिलाध्यक्षों की घोषणा जल्द होगी।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष: पूर्व मंत्री रामलाल जाट
रामलाल जाट कांग्रेस के वरिष्ठ और अनुभवी नेता माने जाते हैं।
-
गहलोत सरकार में दो बार मंत्री रहे।
-
2008 में मांडल से जीतकर राज्य मंत्री बने।
-
2018 में फिर से मांडल से विधायक चुने गए और राजस्व मंत्री बने।
-
2023 में उदयलाल भडाना से चुनाव हारे।
संगठन में उनकी पकड़ और अनुभव को देखते हुए उन्हें ग्रामीण जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
शहर जिला अध्यक्ष: शिवराम (जेपी) खटीक
शहर जिले की कमान कांग्रेस ने शिवराम खटीक को सौंपी है।
-
पूर्व उप नेता प्रतिपक्ष, जिला कांग्रेस महामंत्री, जिला सचिव, ब्लॉक महामंत्री एवं ब्लॉक उपाध्यक्ष जैसे कई पदों पर रह चुके हैं।
-
शहर की राजनीति में 30 वर्षों से सक्रिय।
-
पत्नी नगर परिषद में पार्षद पद पर कार्यरत।
-
धीरज गुर्जर के समर्थक, कई रैलियों में समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।
खटीक की नियुक्ति के बाद खटीक समाज और गुर्जर समर्थक वर्ग में उत्साह दिखाई दिया।
शहर में युथ कांग्रेस ने की आतिशबाजी
युथ कांग्रेस उपाध्यक्ष विक्की ब्यावट ने बताया कि शहर जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, मिठाई वितरण करके शिवराम खटीक को बधाई दी और राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, अध्यक्ष गोविंद डोटासरा तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के प्रति आभार जताया।
कांग्रेस की इन नियुक्तियों को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
