लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बड़ा ऐलान, राजस्थान सिविल संहिता-2026 लाने की तैयारी
विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण, अपराध नियंत्रण, जल सुरक्षा, किसानों और महिलाओं के लिए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
बीकानेर/जयपुर । 80वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को संबोधित किया। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने राजस्थान सिविल संहिता-2026 लाने की दिशा में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार भारतीय संविधान के अनुच्छेद-44 की भावना के अनुरूप सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों से प्रदेश में अपराधों में कमी आई है और अमन-चैन का वातावरण बना है।
विकसित भारत-विकसित राजस्थान का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। राज्य सरकार वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि पचपदरा में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना और माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना जैसे बड़े निवेश राज्य के विकास को नई गति देंगे।
जल सुरक्षा पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के लिए पानी जीवन और विकास का आधार है। राम जल सेतु लिंक परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं यमुना जल परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र के करीब 75 लाख लोगों को स्थायी पेयजल सुरक्षा मिलने का दावा किया गया।
बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन रहा राजस्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान अब बिजली खरीदने वाले राज्य से बिजली उपलब्ध कराने वाले राज्य की ओर बढ़ रहा है। सौर ऊर्जा क्षमता में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है और 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
किसानों को मिली बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राज्य सरकार ने सहायता राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दी है। 76 लाख से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाया गया है। इसके अलावा कृषि कनेक्शन, ब्याजमुक्त फसली ऋण और गेहूं बोनस जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।
महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना, कालीबाई भील महिला शिक्षा योजनाओं और नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1450 रुपये प्रतिमाह करने और लाखों लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने की जानकारी भी दी गई।
पहली बार हुआ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन
राज्य स्तरीय समारोह की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पहली बार राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत का भी सामूहिक गायन किया गया। समारोह में राजस्थान सहित ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से आए लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बीएसएफ के ऊंट दस्ते, विभिन्न पुलिस एवं सुरक्षा बलों की टुकड़ियों तथा एनसीसी, स्काउट-गाइड के कैडेट्स ने आकर्षक मार्चपास्ट किया।
समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी. आर. चौधरी, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।