लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
लोसल (सीकर)। कस्बे में मंगलवार देर रात ज्वैलर व्यापारी धर्मेंद्र सोनी पर नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लाखों रुपए की नगदी और सोना लूट लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पांच नकाबपोश बदमाशों ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, व्यापारी धर्मेंद्र सोनी अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे घर के गेट के पास पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार पांच नकाबपोश बदमाशों ने उन पर सरिया और लाठियों से हमला कर दिया।
लूटपाट के बाद फरार
हमलावर व्यापारी के गले से सोने की चेन, जेब से करीब 2 लाख रुपये नकद और लगभग 45 ग्राम सोना लूटकर ले गए। इसके अलावा उन्होंने सोना-चांदी से भरा बैग भी छीनने का प्रयास किया, लेकिन धर्मेंद्र सोनी ने बैग नहीं छोड़ा। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद बदमाश फरार हो गए।
घायल व्यापारी को सीकर रैफर
हमले में धर्मेंद्र सोनी के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले लोसल उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रैफर किया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।