लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
8 दिन का अल्टीमेटम; कार्रवाई नहीं हुई तो मेगा हाईवे जाम की चेतावनी
जोबनेर (जयपुर ग्रामीण)। जयपुर ग्रामीण जिले के जोबनेर क्षेत्र के जोरपुरा गांव में कथित अवैध शराब ठेके के विरोध में ग्रामीणों और महिलाओं का गुस्सा बुधवार को सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने फलोदी मेगा हाईवे स्थित शराब दुकान के बाहर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शराब का ठेका नियमों के विपरीत संचालित किया जा रहा है और इसके कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब की दुकान के आसपास सरकारी स्कूल, शिव मंदिर और बीसलपुर पेयजल परियोजना का पंप हाउस स्थित है। इसके बावजूद यहां शराब की बिक्री जारी है, जिससे बच्चों, महिलाओं और आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन से कथित अवैध शराब ठेका तत्काल हटाने की मांग की। इस दौरान जोबनेर नायब तहसीलदार संजय परसोया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब की दुकान फुलेरा के काचरोदा के नाम से जोरपुरा में संचालित की जा रही है तथा गोदाम की आड़ में अवैध शराब का कारोबार हो रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को आठ दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो वे जयपुर–नागौर–फलोदी मेगा हाईवे को जाम कर व्यापक आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों और महिलाओं ने कहा कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ, इसलिए अब उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक कथित अवैध शराब ठेका नहीं हटाया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।