लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़-बारां भाजपा की संगठनात्मक बैठक में पहुंचे सीएम भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे
निकाय चुनाव में जीत पर कार्यकर्ताओं का जताया आभार, पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन मजबूत करने पर जोर
झालावाड़। सुनील निगम। झालावाड़ में आयोजित झालावाड़-बारां भाजपा की संगठनात्मक बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शिरकत की। बैठक में हाल ही में संपन्न निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन और जीत के लिए कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर संगठन को और अधिक मजबूत करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से नई ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क से होती है। आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ता गांव और ढाणी स्तर तक संपर्क बढ़ाएं तथा आमजन को सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
बैठक में मौजूद डग क्षेत्र के एक भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों, संगठन विस्तार और जनसंपर्क को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया।
