लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण – जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में 50 हजार लोग करेंगे सामूहिक गायन
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, जयपुर।
राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 नवंबर 2025 को जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में एक भव्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर 50,000 लोग सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन करेंगे।
कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, स्वदेशी भावना और राष्ट्रीय एकता को सशक्त करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राज्यभर में सांसद, विधायक और कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर भी सामूहिक राष्ट्रगीत गायन करेंगे। इसके लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में सांसद मंजू शर्मा, राव राजेंद्र सिंह, विधायक बालमुकुंद आचार्य, गोपाल शर्मा, कैलाश वर्मा, हंसराज पटेल, महापौर सौम्या गुर्जर, कुसुम यादव सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
सैनी ने बताया कि इस अवसर पर वंदे मातरम आधारित प्रदर्शनी और सोशल मीडिया जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे राष्ट्रगीत का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर 6 नवंबर को अंबेडकर सर्किल से अमर जवान ज्योति तक मशाल जुलूस भी निकाला जाएगा।
यह आयोजन न केवल वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव होगा, बल्कि “एक भारत – श्रेष्ठ भारत” की भावना को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएगा।