लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
जल संरक्षण एवम पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में जन जागरूकता के लिए चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन महाअभियान के अंतर्गत पर्यावरण पखवाड़े का शुभारंभ का ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम गुरुवार को गंगा दशहरे के अवसर पर उपखंड के खेड़ली तालाब पर आयोजित किया गया ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंचायत समिति प्रधान फूलबाई मीना उपस्थित थी। शत्रुघ्न गुर्जर उपखण्ड अधिकारी उनियारा भी उपस्थित रहे । कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीण महिलाओं द्वारा ग्राम में 51 कलशों की कलश यात्रा निकाल कर की गई। जिसे उपखण्ड अधिकारी एवं प्रधान द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया ।
कलश यात्रा ग्राम का भ्रमण करते हुए खेड़ली तालाब पर पहुँची । जहाँ आयोजित कार्यक्रम में विकास अधिकारी पंचायत समिति शंकर लाल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया की अंधाधुंध हो रहे आधुनिकीकरण और मनुष्य के स्वार्थ के लिए पर्यावरण के बिगड़ते हालातों के मद्देनजर आज के समय में आने वाली पीढ़ियो को ध्यान में रखना होगा । इसी तरह हम जंगल और जल का उपभोग करते रहे तो पृथ्वी पर जीवन जीना मुश्किल हो जाएगा ।इसके मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा 5 से 15 जून तक वंदे गंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा ।
प्रधान फूल बाई ने कहा कि हमे अपने बच्चों को संदेश देना चाहिए कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हमारे लिए कितना जरूरी है।आज के समय में बहुत आवश्यकता है । सभी को एक पेड़ माँ के नाम लगाना चाहिए और उसको बचाना चाहिए । उपखण्ड अधिकारी शत्रुघ्न सिंह गुर्जर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में जिस प्रकार हमारा व्यवहार पर्यावरण के प्रति है उस से पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। पानी के स्रोत एवं ग्लेशियर लगातार पिघल कर कम होते जा रहे है। हमारे परंपरागत जल स्रोत कुवें बावडिया और तालाब लगातार पानी की कमी से प्रभावित हो रहे हैं ।
अब समय आ गया है कि हम अपने परंपरागत पानी के स्रोतों को पुनर्जीवित करे । इसी के लिए आम जन में जागरूकता लाने के उद्देश्य से वंदे गंगा अभियान चलाया जा रहा है। आज गंगा दशहरे के पवित्र अवसर पर हम सभी संकल्प ले कि हम पानी बचाएंगे अधिक से अधिक पेड़ लगायेंगे।कार्यक्रम के दौरान पीपल पूजन किया । तथा खेड़ली बालाजी मंदिर परिसर में पौधरोपण किया गया । इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को तुलसी और पीपल के पोधों का वितरण किया गया।साथ ही पौधे प्राप्त करने वाले ग्रामीणों को पौधों की देखभाल करने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में राजीविका की सदस्य महिलाओं सहित ग्रामीण महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई । कार्यक्रम में विकास अधिकारी शंकर लाल, ग्राम पंचायत सरपंच सुरेश मीना, तहसीलदार उनियारा प्रवीण सैनी सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे ।