लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने दिखाई हरी झंडी
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026’ के तहत मंगलवार को जयपुर के ढेहर का बालाजी रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम के लिए दूसरी विशेष ट्रेन रवाना हुई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। ट्रेन के रवाना होते ही पूरा स्टेशन ‘जय श्री राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
जयपुर संभाग के 970 वरिष्ठ नागरिक कर रहे हैं यात्रा
इस विशेष ट्रेन से जयपुर संभाग के 970 वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम और मदुरई के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ट्रेन प्रभारी, अनुदेशक तथा मेडिकल स्टाफ सहित 30 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दल भी साथ गया है। इस प्रकार कुल 1000 लोग इस यात्रा का हिस्सा बने हैं।
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इस ट्रेन में दौसा जिले के 528, खैरथल-तिजारा जिले के 316 तथा जयपुर जिले के 126 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।
“बुजुर्गों की आस्था को सम्मान दे रही है सरकार”
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की आस्था और सम्मान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक भ्रमण नहीं, बल्कि बुजुर्गों के जीवनभर के सपने को साकार करने का प्रयास है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के अनुरूप देवस्थान विभाग यात्रियों के भोजन, आवास, सुरक्षा और चिकित्सा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है, ताकि उन्हें पूरी यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ऐसा रहेगा आठ दिवसीय यात्रा कार्यक्रम
ढेहर का बालाजी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई यह विशेष ट्रेन दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराएगी। 6 अगस्त को तीर्थयात्री रामेश्वरम पहुंचकर भगवान रामनाथस्वामी के दर्शन करेंगे। यहां एक दिन के विश्राम के बाद अगले दिन सभी यात्री मदुरई पहुंचेंगे, जहां विश्व प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। यात्रा पूर्ण होने के बाद यह विशेष ट्रेन 11 अगस्त को जयपुर लौटेगी।
स्टेशन पर विदाई के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर तीर्थ यात्रा की खुशी और सरकार के प्रति आभार स्पष्ट दिखाई दिया। देवस्थान विभाग की ओर से सभी यात्रियों का तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त रतनलाल योगी, महेंद्र देवतवाल, आईआरसीटीसी के केके शर्मा, सहकारिता प्रकोष्ठ के सुनील कुमावत, शिवराज सिंह बिठिया, पार्षद सुरेश जांगिड़, नगेंद्र सिंह, सुदर्शन सिंह, राकेश अग्रवाल, जयंत कुमावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।