लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
8 विद्यालयों के 84 विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार ही नहीं, बल्कि जीवन का मूल स्त्रोत हैं : बाबूलाल जाजू
भीलवाड़ा | (पंकज पोरवाल)। प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटेक) भीलवाड़ा चैप्टर द्वारा राजेंद्र मार्ग विद्यालय में ‘ट्री ऑफ लाइफ’ विषय पर पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आठ विद्यालयों के 84 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह प्रतियोगिता इंटेक चेयरमैन अशोक सिंह ठाकुर एवं विरासत शिक्षा एवं संचार सेवा निदेशक पूर्णिमा दत्त के निर्देशानुसार आयोजित की गई।
वृक्ष जीवन का मूल आधार
इंटेक भीलवाड़ा कन्वीनर बाबूलाल जाजू ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार ही नहीं, बल्कि जीवन का मूल स्त्रोत हैं। ‘ट्री ऑफ लाइफ’ की अवधारणा बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना को विकसित करती है।
कल्पनाशील चित्रों में दिखी प्रकृति की विविधता
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पेड़-पौधों के साथ-साथ उनमें निवास करने वाले पक्षी, कीट एवं जीव-जंतुओं का सजीव और कल्पनाशील चित्रण किया। किसी ने आम, नीम, अमरूद तो किसी ने बबूल जैसे जीवनदायिनी वृक्षों को अपनी कला के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इसके साथ ही विद्यार्थियों ने 200 शब्दों का निबंध भी लिखा, जिसमें वृक्षों का महत्व, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
इन विद्यालयों की रही सहभागिता
प्रतियोगिता में भीम.अं. आवासीय विद्यालय, राजेंद्र मार्ग विद्यालय, सेमुमा विद्यालय, राउमावि गुलमंडी, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, मयूर स्कूल, ईडन इंटरनेशनल स्कूल सहित आठ विद्यालयों ने भाग लिया।
आयोजन में रहा शिक्षकों व इंटेक सदस्यों का सहयोग
आयोजन में इंटेक प्रतियोगिता प्रभारी गुमान सिंह पीपाड़ा एवं सुरेश सुराना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साथ ही प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत, अर्चना जोशी, सीमा शर्मा, रजनी बछेड़ा, स्नेहलता पारीक, विक्रम चौधरी, भाग्यश्री जैन एवं मीना त्रिवेदी का विशेष सहयोग रहा।
राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी प्रतिभा
प्रतियोगिता में बनाए गए सभी चित्र एवं निबंध इंटेक दिल्ली मुख्यालय भेजे जाएंगे, जहां से 100 क्षेत्रीय एवं 10 राष्ट्रीय विजेताओं का चयन किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी एवं शैक्षणिक भ्रमण का अवसर भी मिलेगा।
