Home latest ग्राम पंचायत दुधालिया में महिलाओं को मिला उद्यमिता प्रशिक्षण

ग्राम पंचायत दुधालिया में महिलाओं को मिला उद्यमिता प्रशिक्षण

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

डग (झालावाड़)। ग्राम पंचायत दुधालिया में शनिवार को महिलाओं के लिए सामान्य उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से दिया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम में आरसेटी निदेशक चंद्रशेखर सुमन, संकाय सदस्य निर्भय शर्मा, डीएसटी राजन खान (बाड़मेर), ग्राम पंचायत सरपंच देवेंद्र सिंह परिहार, राजीविका बीपीएम रामबाबू दांगी, राम कैलाश और बाबूलाल उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में 35 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया।

प्रशिक्षक राजन खान ने महिलाओं को गोबर से बनने वाले उत्पादों जैसे अगरबत्ती, धूपबत्ती, दीपक, देव प्रतिमाएं और अन्य उपयोगी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान चयनित 5 महिलाओं को आगे डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे अपने उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों से अधिक से अधिक बेच सकें।

आरसेटी अधिकारियों ने बताया कि दुधालिया ग्राम पंचायत का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि यहां बायो गोबर गैस प्लांट उपलब्ध है, जिससे कच्चा माल आसानी से प्राप्त होगा और महिलाएं टिकाऊ उत्पाद तैयार कर सकेंगी।

इसी तरह गंगधार के ग्वालद गांव में भी पीएनबी आरसेटी और राजीविका के संयुक्त प्रयास से महिलाओं को हर्बल साबुन, शैंपू, हार्पिक और फिनायल बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन उत्पादों को नीम, एलोवेरा, मुल्तानी मिट्टी और नींबू से तैयार किया जा रहा है।

ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता दिलाने की यह पहल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version