लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग
नागौर | रिपोर्ट: प्रदीप कुमार डागा
नागौर के जेएलएन चिकित्सालय के बाहर जिला कांग्रेस कमेटी ने चिकित्सा विभाग की कथित लापरवाही, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की समस्याओं के विरोध में सोमवार को ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा ने किया।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगाए गंभीर आरोप
यज्ञ के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा ने आरोप लगाया कि जिले के सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाइयां, विशेषज्ञ चिकित्सक और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो रही हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई बार प्रशासन और चिकित्सा विभाग का ध्यान इस ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी के विरोध में विभाग को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतीकात्मक रूप से ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ आयोजित किया गया।
कांग्रेस ने उठाए ये प्रमुख मुद्दे
कांग्रेस ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पार्टी का आरोप है कि—
- जेएलएन अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन पिछले दो वर्षों से खराब पड़ी है।
- पीपीपी मोड पर संचालित एक्स-रे सेवाओं में देरी हो रही है और रिपोर्ट मिलने में करीब 10 दिन तक का समय लग रहा है।
- आपातकालीन स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
- एमसीएच विंग को पुनः जेएलएन अस्पताल में शुरू करने की मांग की गई।
- सैटेलाइट अस्पताल को नई निर्मित भवन में शीघ्र शुरू करने की मांग भी रखी गई।

जनहित में आंदोलन की चेतावनी
हनुमानराम बांगड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर उनके साथ खड़ी रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चिकित्सा विभाग ने जल्द ही अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो जिला कांग्रेस कमेटी जनहित में व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।
कई कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर चिकित्सा विभाग को जनसेवा के प्रति जवाबदेह बनाने और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग की।
इस दौरान उपाध्यक्ष मोतीलाल चंदेल, उपसभापति सदाकत सुलेमानी, ब्लॉक अध्यक्ष पुनाराम मेघवाल, दिलफराज खान, शौकत अली, भजन सिंह, खुर्शीद, शैतान सिंह, खुमाराम सियाग, बुधाराम मीणा, धर्मेंद्र पंवार, लालचंद, भानूप्रकाश सैनी, शिवदयाल गोलियां, सुखपाल, हनुमान लोमरोड़, सुरेंद्र महिया, भंवरलाल बेनीवाल, ताजाराम मेघवाल, अजय चांगरा, उस्मान खान, किशनाराम, हारून, आरिफ, सत्यवीर, पप्पू तंवर, उस्मान गनी, इब्जू खान, इरफान खान, सूफियान अंसारी, रिफाकत अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।