लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां | रिपोर्ट: गौतम शर्मा
पादूकलां। कस्बा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया रहा। इसके साथ ही चल रही तेज ठंडी हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। यह इस मौसम का तीसरा बड़ा कोहरा बताया जा रहा है।
सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने के कारण हाईवे से लेकर ग्रामीण सड़कों तक सन्नाटा पसरा रहा। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर और लगातार हॉर्न बजाते हुए बेहद सतर्कता के साथ गुजरते नजर आए। टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर चालकों को सामने से आ रहे वाहन का आभास तभी हो पा रहा था, जब वह बिल्कुल पास पहुंच जाता। कई स्थानों पर कोहरा इतना घना रहा कि कुछ ही मीटर आगे देख पाना मुश्किल हो गया।
कस्बे में जगह-जगह लोग अलाव तापते और गर्म चाय की चुस्कियों के साथ सर्दी से राहत पाने की कोशिश करते दिखे। वहीं, बढ़ती ठंड को देखते हुए वरिष्ठ नागरिकों और छोटे बच्चों ने घरों में ही रहना उचित समझा। ठंडी हवा के कारण लोगों के हाथ-पैर तक कांपते महसूस हुए।
किसानों के चेहरे खिले, बेहतर पैदावार की उम्मीद
जहां एक ओर घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं दूसरी ओर यह मौसम किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
किसान नरसाराम गोरा और दिनेश मेहरा ने बताया कि हल्की बारिश के बाद पड़े इस घने कोहरे से गेहूं, सरसों, चना और तारामीरा की फसलों को भरपूर लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेतों में फसलों की पत्तियों पर ओस की बूंदें जमने से जमीन में नमी बनी हुई है, जिससे फसल की बढ़वार अच्छी हो रही है। यदि यही मौसम बना रहता है, तो इस बार उत्पादन बेहतर रहने की पूरी उम्मीद है।
कुल मिलाकर, पादूकलां क्षेत्र में घना कोहरा और तेज सर्दी जहां आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी, वहीं किसानों के लिए यह मौसम खुशहाली और बेहतर फसल का संकेत दे रहा है।