लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कैबिनेट मंत्री झाबरमल खर्रा, सतीश पूनिया सहित अनेक गणमान्यजन हुए शामिल; 300 प्रतिभाओं का सम्मान
हलैना (भरतपुर) ।
बेहतरीन जाट समाज वैर-भुसावर की ओर से गांव घाटरी में जाट सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। समारोह में प्रदेशभर से समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री झाबरमल खर्रा, भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ. सतीश पूनिया, समाजसेवी राजाराम मिल, पूर्व सांसद रंजीता कोली, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, रालोद नेता संतोष फौजदार, पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
फूलमालाओं और स्मृति चिन्ह से किया गया स्वागत
सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं, सफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। कैबिनेट मंत्री सहित अन्य अतिथियों को 101 किलो वजन की फूल माला पहनाकर समाज की ओर से सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया, जिसमें वैर-भुसावर उपखंड क्षेत्र के जाट बाहुल्य गांवों की 300 प्रतिभाएँ शामिल हुईं।
राजस्थान सहित अन्य राज्यों से उमड़ा समाज
इस कार्यक्रम में राजस्थान के भरतपुर, डीग, करौली, धौलपुर, जयपुर, अलवर, दौसा, टोंक सहित उत्तरप्रदेश के मथुरा, आगरा, और दिल्ली से भी बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे। समारोह में एकजुटता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
समाजहित में उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा
कार्यक्रम में बेहतरीन जाट समाज के अध्यक्ष कप्तान सिंह चौधरी, पंचायत समिति सदस्य धीर सिंह जटवलाई, और अन्य समाज के प्रतिनिधियों ने समाज की शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, युवाओं की प्रगति और सामाजिक एकता पर चर्चा की।
दीप प्रज्वलित कर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने दीप जलाकर किया। उन्होंने समाज की एकता और प्रगति में सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
यह आयोजन न केवल जाट समाज की सांस्कृतिक और सामाजिक ताकत का परिचायक रहा, बल्कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समाज में आपसी सहयोग बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण मंच बना।