लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई प्रतियोगिता की शानदार शुरुआत
गंगापुर सिटी | बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी में पूर्वी राजस्थान के सबसे चर्चित लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट गंगापुर प्रीमियर लीग (GPL) के 10वें सीजन का भव्य शुभारंभ किया गया। नई दिशा सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल प्रांगण में हुआ, जहां खेल प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजोरा रहे। विशिष्ट अतिथियों में उपजिला कलेक्टर एवं आयुक्त विजेन्द्र मीना, विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार उपाध्याय, पियूष हॉस्पिटल के निदेशक एवं मुख्य स्पॉन्सर दिलीप गुप्ता, रिया हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. महेन्द्र मीना, स्कूल शिक्षा परिवार के जिलाध्यक्ष अनुज शर्मा तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियंता बदन सिंह गुर्जर उपस्थित रहे।

खेल भावना और युवाओं को मंच देने का प्रयास
नई दिशा सोसायटी के चेयरमैन शिवरत्न अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि GPL युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। मुख्य अतिथि एएसपी राकेश राजोरा ने खिलाड़ियों से फिटनेस के प्रति जागरूक रहने और नशे से दूर रहने की अपील की। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान आयोजन समिति द्वारा किया गया।

पहला मुकाबला: डीएस साइंस एकेडमी की शानदार जीत
पहला मुकाबला जीजीसी हंटर्स और डीएस साइंस एकेडमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर डीएस साइंस एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी की। पावर प्ले में टीम ने 36 रन पर 3 विकेट गंवा दिए, लेकिन हिमांशु शर्मा की 37 रनों की तेजतर्रार पारी और 26 अतिरिक्त रनों की मदद से टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 149 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीजीसी हंटर्स की टीम अशोक सिंह की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। अशोक सिंह ने 4 ओवर में मात्र 16 रन देकर 6 विकेट झटके। योगी धनकर ने 3 विकेट लिए। कप्तान नंदू तोमर (21) और हरिओम चौधरी (29) के अलावा कोई बल्लेबाज टिक नहीं पाया और पूरी टीम 15 ओवर में 86 रन पर सिमट गई।
डीएस साइंस एकेडमी ने मुकाबला 63 रनों से जीत लिया।
पुरस्कार विजेता:
-
मैन ऑफ द मैच व बॉलर ऑफ द मैच: अशोक सिंह
-
कैच ऑफ द मैच: अशोक सिंह
-
सिक्स ऑफ द मैच: नंदू तोमर

दूसरा मुकाबला: एफसीए डॉमिनेटर्स ने 6 रन से जीता मुकाबला
दिन का दूसरा मुकाबला एफसीए डॉमिनेटर्स और जीजीसी रॉयल रेंजर के बीच खेला गया। टॉस के बॉस डॉ. कपिल जायसवाल एवं सूर्य प्रकाश बाबूजी रहे। टॉस जीतकर एफसीए डॉमिनेटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभम मीणा की 41 गेंदों में 74 रनों की शानदार पारी की बदौलत 18 ओवर में 7 विकेट पर 138 रन बनाए। रॉयल रेंजर की ओर से मंजीत चिल्लर और विकास गुर्जर ने 3-3 विकेट लिए।
जवाब में रॉयल रेंजर की ओर से गंगेंद्र (33) और सिद्दीक पठान (23) ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन मध्यक्रम लड़खड़ा गया। अंत में विकास गुर्जर की 35 रनों की आकर्षक पारी के बावजूद टीम लक्ष्य से 6 रन पीछे रह गई।
पुरस्कार विजेता:
-
मैन ऑफ द मैच, कैच ऑफ द मैच, सिक्स ऑफ द मैच: शुभम मीणा
-
बॉलर ऑफ द मैच: मंजीत चिल्लर

मैच के दौरान GPL आयोजन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे और टूर्नामेंट की सफल एवं रोमांचक शुरुआत पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।














































