लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर। शहर में सरकारी भूमि पर लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। यह कार्रवाई लड्डू राम बाबा की समाधि के पीछे स्थित कृष्णा नगर क्षेत्र में की गई, जहां नगर परिषद की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण व उपयोग किया जा रहा था।
प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व विभाग और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि विवादित भूमि खसरा नंबर 6642/5662 नगर परिषद के नाम दर्ज है, इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा उस पर अवैध कब्जा किया गया था।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर के निर्देश पर नगर परिषद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए पीले पंजे का इस्तेमाल किया। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक पिंटू कुमार मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मुकेश शर्मा, राजस्व विभाग के कर्मचारी, नगर परिषद का अमला और पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद रहा, जिससे कानून-व्यवस्था बनी रही। अवैध कब्जे हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
नगर परिषद की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर जनहित में उपयोग किया जाना चाहिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।