लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बिहार । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एनडीए सरकार के नेतृत्व में बिहार आज 14 प्रतिशत की विकास दर से तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस ने केवल भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति की और बिहार के गरीबों को लूटा। वहीं एनडीए सरकार ने अपने हर वादे को पूरा करते हुए राज्य को विकास और समृद्धि की दिशा में अग्रसर किया है।
मुख्यमंत्री शर्मा शुक्रवार को डुमरा हवाई फील्ड पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मिथिला की यह पावन धरती केवल आस्था की भूमि नहीं बल्कि ज्ञान, कला, संस्कृति और संस्कारों की जननी है। बिहार वह भूमि है जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई और भगवान महावीर ने अहिंसा का संदेश दिया।
आरजेडी-कांग्रेस के शासन में ‘जंगलराज’
मुख्यमंत्री ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासन में बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी। अपराध अपने चरम पर था, सड़कों पर गड्ढे, शिक्षा व्यवस्था चरमराई और स्वास्थ्य सेवाएं ठप थीं। रोजगार खत्म हो गया था और युवाओं को पलायन करना पड़ा। भ्रष्टाचार और परिवारवाद ने बिहार के गौरव को मिट्टी में मिला दिया।
एनडीए सरकार ने दिलाया बिहार को खोया गौरव
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने नई दिशा पाई है। राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है, हजारों किलोमीटर सड़कें बनी हैं और बेटियां निशुल्क उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। जीविका योजना के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं। दरभंगा एयरपोर्ट ने विकास की नई राह खोली है।
सबका साथ, सबका विकास से बदल रहा बिहार
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के विज़न “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के तहत बिहार में तेज़ी से विकास हो रहा है। 74 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि दी गई है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण मिला है। 60 लाख परिवारों को पक्का मकान और 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी गई है।
उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बिहार के संसाधनों की रक्षा की जाएगी।
जनता से की अपील
मुख्यमंत्री शर्मा ने जनता से अपील की कि वे विकास, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा के लिए एनडीए प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं —
-
बाथनाहा से अनिल कुमार राम
-
परिहार से गायत्री देवी
-
रीगा से बैद्यनाथ प्रसाद
-
सीतामढ़ी से सुनील कुमार पिंटू
-
सुरसंड से नागेन्द्र राउत
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, सीतामढ़ी सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर, मंत्री मोती लाल प्रसाद, राजस्थान मंत्री अविनाश गहलोत सहित अनेक जनप्रतिनिधि व आमजन उपस्थित रहे।













































