लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर | रिपोर्ट — (रूपनारायण सांवरिया) ए. पी. जे. अब्दुल कलाम की जन्म जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में भारत के “मिसाइल मैन” और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनके आदर्शों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण को याद किया गया। साथ ही जैसलमेर बस अग्निकांड में दिवंगतों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर संवेदना व्यक्त की गई।
‘भारत में अल्पसंख्यक सबसे सुरक्षित’ — अब्दुल्ला कुट्टी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ए. पी. अब्दुल्ला कुट्टी ने कहा कि विपक्षी दल मोदी सरकार और भाजपा को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, जबकि हकीकत में अल्पसंख्यक समुदाय सबसे अधिक सुरक्षित भारत में है।
उन्होंने कहा,
“गरीबी के माहौल से उठकर देश के सर्वोच्च पद पर पहुँचना डॉ. कलाम की महानता का प्रतीक है। उनका जीवन पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।”
‘डॉ. कलाम के आदर्श आज भी प्रासंगिक’ — मदन राठौड़
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डॉ. कलाम ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि शिक्षा, अनुशासन और कर्मनिष्ठा ही राष्ट्र निर्माण की नींव हैं। उन्होंने युवाओं से ‘विकसित भारत’ के उनके स्वप्न को साकार करने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
‘न्यू इंडिया का सपना’ — हमीद ख़ान मेवाती
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद ख़ान मेवाती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का सपना डॉ. कलाम के विज़न का ही विस्तार है। उन्होंने शिक्षा को समाज में बदलाव की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
कार्यक्रम के संयोजक और मोर्चा प्रदेश महामंत्री जावेद क़ुरैशी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन मोर्चा के प्रदेश मंत्री मुराद अली शेख ने किया।
कार्यक्रम में कई गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अजयपाल सिंह, मोतीलाल मीणा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन ख़ान, एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष नारायण मीणा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष फिरोज़ ख़ान, मजीद मलिक कमांडो, एम. सादिक ख़ान, हिदायत ख़ान धोलिया, तसलीम बानो सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

















































