लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़। झालावाड़ जिले के डग नगर पालिका क्षेत्र के गणेशपुरा गांव में बुधवार को आगजनी की घटना में एक गरीब मजदूर का पूरा घराना उजड़ गया। बगदुलाल पिता राघुलाल मेहर के मकान में अज्ञात कारणों से लगी आग ने पूरे घरेलू सामान को राख कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय पीड़ित दंपती दिहाड़ी मजदूरी करने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर में अचानक आग लग गई। पड़ोसियों ने धुआं उठता देख तत्काल सूचना देकर और मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक अनाज, बिस्तर, कपड़े सहित संपूर्ण घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।
गनीमत रही कि गैस सिलेंडर ने आग नहीं पकड़ी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही डग ग्राम पंचायत के पूर्व उपसरपंच सुरेश कुमावत (काका) ने तत्काल पटवारी को अवगत कराया। सूचना पर पटवारी मौके पर पहुंचे और मौका रिपोर्ट तैयार की।
ग्रामवासियों एवं पूर्व उपसरपंच सुरेश कुमावत ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को भोजन, कपड़े और रहने के साधनों की पूर्ति हो सके।
