लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | (सत्यप्रकाश मयंक) शहर के तिलक विद्या मंदिर में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, स्वदेशी जागरण मंच और सामाजिक समरसता मंच के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेगड़ी की जयंती पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दत्तोपंत ठेगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। कार्यशाला में विद्यालय के संचालक बलभद्र सिंह नरूका ने उनके जीवन, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दत्तोपंत जी ने देश सेवा को सर्वोपरि मानते हुए समाज के विभिन्न वर्गों — विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों और समाज के सभी तबकों के उत्थान के लिए अनेक संगठनों की स्थापना की।
नरूका ने कहा कि दत्तोपंत ठेगड़ी की सोच स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता पर आधारित थी, जो आज भी प्रासंगिक है।
कार्यशाला में उपस्थित आचार्यों, अतिथियों और विद्यार्थियों ने श्रद्धेय दत्तोपंत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “वंदे मातरम्” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।
