लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि आगामी सप्ताह से शुरू होने वाले चेटीचण्ड, रामनवमी और महावीर जयंती जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्वों के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए 16 मार्च तक तैयारियां पूरी करें। इन आयोजनों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
देवनानी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में इन पर्वों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में जिला कलेक्टर लोक बंधु और पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व आयोजन समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष ध्यान
देवनानी ने कहा कि शोभायात्राओं के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। शोभायात्रा के आगे-पीछे और साथ पुलिस जवानों की टुकड़ियां चलें तथा मार्ग में आने वाले ऊंचे भवनों पर भी पुलिस जाप्ता तैनात रहे।
उन्होंने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और मुखौटा पहनकर आने वालों की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करें
नगर निगम को निर्देश दिए गए कि शोभायात्रा मार्ग पर सफाई, सड़क पेचवर्क, ढक्कन (फेरो कवर) ठीक करने और आवारा पशुओं को हटाने का कार्य तय समय में पूरा किया जाए। देहली गेट, शिवाजी पार्क, जैन नमकीन, मदार गेट से नया बाजार और मदार गेट से पड़ाव तक सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि यात्रा के साथ तीन एम्बुलेंस लगातार चलें और आसपास के चिकित्सा संस्थान खुले रहें। जेएलएन अस्पताल में 10 बेड आपातकालीन व्यवस्था के लिए आरक्षित रखे जाएंगे।
बिजली और पानी की व्यवस्था
देवनानी ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि शोभायात्रा मार्ग में झूलते और ढीले तारों को 21 फीट से ऊपर किया जाए और आयोजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जलदाय विभाग को भी यात्रा मार्ग में लीकेज ठीक करने और जुलूस से पहले पेयजल सप्लाई देने के निर्देश दिए गए।
शोभायात्राओं के प्रमुख रूट
बैठक में आयोजकों ने तीनों पर्वों की शोभायात्राओं के रूट की जानकारी दी।
-
चेटीचण्ड शोभायात्रा: झूलेलाल धाम देहली गेट से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गंज गुरुद्वारे पर समाप्त होगी।
-
रामनवमी जुलूस: चांद बावड़ी स्थित श्री दुर्गा काली माता मंदिर से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः चांद बावड़ी पहुंचेगा।
-
महावीर जयंती रथयात्रा: केसरगंज जैन मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः केसरगंज मंदिर पहुंचेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शोभायात्राओं में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा, केवल सामान्य स्पीकर का उपयोग किया जा सकेगा।
बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के., अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी, वंदना खोरवाल, नरेंद्र कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी गरिमा नरूला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।