लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र पर हुआ सम्मान समारोह
आत्मपरिवर्तन और राजयोग का दिया संदेश, गंगधार में बच्चों को बांटे गए निःशुल्क स्कूल बैग
चौमहला (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के चौमहला स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवा केंद्र में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों ने ब्रह्माकुमारी गीता दीदी का शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वक्ताओं ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही व्यक्ति को जीवन की सही दिशा दिखाते हैं और आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
अपने आध्यात्मिक उद्बोधन में ब्रह्माकुमारी गीता दीदी ने आत्मपरिवर्तन, सकारात्मक सोच और राजयोग के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि जीवन में सच्चा परिवर्तन भीतर से शुरू होता है और आध्यात्मिक साधना व्यक्ति को शांति, संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य कुमोद शर्मा एवं अध्यापिका कविता शर्मा का भी शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति की प्रार्थना और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
गंगधार में भी श्रद्धापूर्वक मनाई गुरु पूर्णिमा
वहीं गंगधार स्थित श्री कृष्ण सरस्वती संस्कार केंद्र में भी गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रदीप श्रृंगी ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को संस्कार, ज्ञान और सफलता की ओर ले जाता है।
इस अवसर पर भामाशाह पुरुषोत्तम अग्रवाल ने विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित कर शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम में रामगोपाल कारपेंटर, प्रकाश पटेल सहित अनेक कार्यकर्ता, अभिभावक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
